सिरसा: सिख समुदाय ने फूंका सांसद दीपेंद्र हुड्डा का पुतला

 


सिरसा, 29 अगस्त (हि.स.)। रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा सिखों पर हुए अत्याचार के मामले में मुख्य आरोपी रहे पूर्व सांसद सज्जन कुमार को अपना आदर्श बताने पर सिख समाज ने शनिवार को सांसद दीपेंद्र हुड्डा का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इससे पूर्व सिख समाज के लोग सिरसा के जनता भवन में एकत्रित हुए और वहां वक्ताओं ने वर्ष 1984 में कांग्रेस शासन के दौरान सिखों पर किए गए अत्याचारों की कड़ी आलोचना की।

वक्ताओं ने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा उस व्यक्ति को अपना आदर्श बता रहे हैं जिन्होंने सिखों के गले में टायर डालकर उन्हें मारने जैसा कठोर षड्यंत्र रचा जिसके लिए वे न्यायालय से भी दोषी ठहराए गए। उस दौर में महिलाओं से दुराचार करते हुए सिख कौम पर तीन दिन तक निरंतर अत्याचार करता रहा जबकि सिख पंथ ने सदैव देश की सुरक्षा और अध्यात्म के लिए अपना सर्वस्व बलिदान दिया।

रोष जता रहे लोगों ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा सही मायने में सिखों की दुश्मन है। वर्ष 1984 में कांग्रेस ने देश में जातिगत तौर पर बांटने का षडयंत्र रचा मगर देशवासियों ने इस एकता अखंडता को टूटने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में दरबार साहिब पर भी हमला हुआ जो निंदनीय घटना थी। वहां सिखों पर हमलों के दौरान अनेक निर्दोष लोग मारे गए। कांग्रेस ने उस दौरान नफरत की राजनीति की और अब ऐसे बयान पर सिख समुदाय कांग्रस नेता की आलोचना करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma