हिसार : वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पुतले फूंके
कांग्रेस भवन से आईजी चौक तक निकाला मार्च
हिसार, 28 सितंबर (हि.स.)। चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी
के आरोपों के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिला स्तरीय
विरोध प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन
का नेतृत्व एचपीसीसी ओबीसी डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एवं आदमपुर विधायक चंद्र
प्रकाश जांगड़ा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष बृज
लाल बहबलपुरिया ने की।
कांग्रेस भवन से शुरू हुआ विरोध मार्च आईजी चौक पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं
और कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी, अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के
पुतले फूंककर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता
सूचियों और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए तथा निष्पक्ष जांच
और जवाबदेही तय करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने कहा कि लोकतंत्र
की मजबूती निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है। चुनाव आयोग जैसी
संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर उठने वाले सवालों का तथ्यों के आधार पर जवाब
दिया जाना चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव
आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों को लेकर निर्वाचन आयुक्तों द्वारा कथित रूप से दर्ज
की गई 14 औपचारिक आपत्तियों से जुड़े तथ्य सार्वजनिक किए जाने चाहिए। इन आपत्तियों
का विवरण, संबंधित निर्णय और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी जनता के सामने रखी जानी
चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके विरुद्ध
लगाए गए आरोपों के संदर्भ में गिरफ्तारी की मांग भी दोहराई। साथ ही हरियाणा में कथित
वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच और प्रदेश की मौजूदा सरकार को बर्खास्त करने की
मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चंद्र प्रकाश जांगड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक
मतदाता के वोट की समान अहमियत है। चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता जनता
के विश्वास का आधार है। मताधिकार
और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर