हिसार : साप्ताहिक परेड में एसपी ने पुलिस जवानों की कार्यक्षमता परखी

 


ईआरवी, मोटरसाइकिल राइडर्स व पीसीआर स्टाफ को

प्रभावी गश्त के निर्देश

अर्दली रूम में कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर

कराया समाधान

हिसार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत

जैन ने सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड में सलामी ली और परेड का गहन

निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस जवानों की वर्दी, टर्नआउट, अनुशासन, कार्यक्षमता और

ड्यूटी के प्रति सजगता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड निरीक्षण के दौरान एसपी ने ईआरवी, मोटरसाइकिल

राइडर्स और पीसीआर स्टाफ को क्षेत्र में लगातार प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश

दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून-व्यवस्था

से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचें और प्रभावी कार्रवाई करें। आमजन

की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस रिस्पांस को और बेहतर बनाने पर भी

जोर दिया गया।

इसके बाद एसपी सिद्धांत जैन ने अर्दली रूम में

पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। कर्मचारियों द्वारा रखी गई समस्याओं

को गंभीरता से लेते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया। शेष समस्याओं के

संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित

करने के निर्देश दिए।

एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मचारियों की

जायज समस्याओं का अनावश्यक रूप से लंबित रहना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा

कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए, ताकि

पुलिसकर्मी बेहतर मनोबल के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासन, बेहतर पुलिसिंग

और पुलिस कर्मचारियों का मनोबल एक-दूसरे से जुड़े हैं। फील्ड में तैनात पुलिसकर्मी

पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों

के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें और उनकी समस्याओं का तत्परता से समाधान करें। इस अवसर

पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कंवलजीत सिंह भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर