सोनीपत: युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें : राजीव जैन

 


सोनीपत, 21 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने युवाओं से नशे जैसी

बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने

का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके सही दिशा

में आगे बढ़ने से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा।

राजीव जैन दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

(डीक्रस्ट), मुरथल के सभागार में आयोजित दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव के शनिवार को समापन समारोह

में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों

को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की

प्रतिभा निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अपनी संस्कृति के प्रति

जुड़ाव बढ़ाते हैं। नशामुक्त और जागरूक युवा ही देश के विकास में अहम भूमिका निभा सकते

हैं।

महोत्सव की चित्रकला प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम, अमित मुखिया

द्वितीय और उजमा नूर तृतीय रहे। कविता लेखन में नूतन गौरी प्रथम, मोहित द्वितीय और

शिवाती तृतीय रहे। लोक वाद्य संगीत में प्रिया प्रथम, दिनेश द्वितीय और अंकुर तृतीय

रहे। नुक्कड़ नाटक में मयंक मान प्रथम, वंशिका तुषिर द्वितीय और दीपिका तृतीय रहीं।

सामूहिक लोकगीत में निकुंज शर्मा प्रथम, मानशी द्वितीय और कामना तृतीय रहीं। सामूहिक

लोक नृत्य में निकिता प्रथम, साहिल द्वितीय और कीफ तृतीय स्थान पर रहे।

इसके अलावा राजीव जैन ने गीता विद्या मंदिर गर्ल्स कॉलेज में

चौधरी रणवीर सिंह विद्यालय की ओर से आयोजित जोनल युवा महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने

कहा कि बेटियों को शिक्षा, अच्छे संस्कार और आगे बढ़ने के समान अवसर देना सभी की जिम्मेदारी

है। आज बेटियां अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में पहचान बना रही हैं।

ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं।

डीक्रस्ट में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. संतराम देशवाल,

प्रो. राजकला, आईटीआई के प्रिंसिपल विक्रम सिंह और मेजर संजय श्योराण मौजूद रहे। वहीं,

गीता विद्या मंदिर गर्ल्स कॉलेज में ओ.पी. परूती, सुभाष डोडां, मनोज कुमार, रवि गांधी,

हरीश घई, राजेश रेलन, डॉ. मंजुला और मीनू अग्रवाल उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना