सीईटी ग्रुप-डी के लिए दो लाख से अधिक ने कराया पंजीकरण

 

चंडीगढ़, 23 जून (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा ग्रुप डी सीईटी के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा के लिए अब तक दो लाख से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ग्रुप-डी भर्ती-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 19 जून से शुरू की गई है। अभ्यर्थी 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 6 जुलाई निर्धारित की गई है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार का भी अवसर दिया है। उम्मीदवार 7 जुलाई से 9 जुलाई तक अपने आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा और एडमिट कार्ड जारी करने की तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी।

मंगलवार को आयोग की तरफ से जारी जानकारी के अनुसार अब तक दो लाख 38 हजार 35 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है जिसमें से एक लाख चार हजार 371 अभ्यर्थियों ने फाइनल सबमिट भी कर दिया है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि अभी भी कुछ अभ्यर्थी अपना फार्म स्वयं न भरकर किसी दूसरे से अथवा सेंटरों से भरवा रहे हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने फार्म की खामियां तथा अन्य कई तरह की दिक्कतों के बारे में पता नहीं लग रहा है। ऐसे में बेहतर होगा अभ्यर्थी अपना फार्म स्वयं भरे तथा फाइनल सबमिट करने से पहले दो बार जांच जरूर करें। आयोग द्वारा अपने आधिकारिक साइट तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर नियमित रूप से अपडेट दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा