शिक्षा मंत्री ने पंचकूला गवर्नमेंट कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

 


- विद्यार्थियों से जानी समस्याएं, एमपीएड कोर्स शुरू करने का दिया आश्वासन

चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-1 राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर का जायजा लिया और विद्यार्थियों के बीच जाकर सीधा संवाद किया। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए मौके पर मौजूद कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों, संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर मंत्री के सामने अपनी बात रखी। विद्यार्थियों ने विशेष रूप से कॉलेज में शारीरिक शिक्षा में स्नातकोत्तर यानी एमपीएड का कोर्स शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों की सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक और सार्थक तरीके से विचार करेगी।

उन्होंने कहा कि कॉलेज में एमपीएड का कोर्स शुरू करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य बनाने वाले युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर मिल सकें। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने छात्रों को आह्वान किया कि वह अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपने कौशल को निखारने पर ध्यान केंद्रित करें।

शिक्षा मंत्री ने कॉलेज प्राध्यापकों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखें। उन्होंने कहा कि समय-समय पर छात्रों के साथ संवाद कायम किया जाए ताकि उनकी समस्याओं का तुरंत निपटारा हो सके। स्वच्छता, पेयजल और लाइब्रेरी जैसी प्राथमिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा