शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से बैंक खातों और एफडी का पूरा ब्यौरा मांगा

 

चंडीगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के कई विभागों में निजी क्षेत्र के बैंकों के साथ हुए फ्राड की घटनाओं के बाद राज्य सरकार सतर्क हो गई है। शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों तथा स्कूल प्रबंधकों से बैंक खातों तथा एफडी का ब्यौरा मांग लिया है। इसके लिए निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा है।

निदेशक सेकेंडरी एजुकेशन ने एससीईआरटी निदेशक गुरुग्राम, सभी जिला शिक्षा अधिकारी व सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि वित्त विभाग की गाइड लाइन के अनुसार बैंक खाते खोलने व एफडी की डिटेल उपलब्ध करवाई जाए। यह ब्यौरा तत्काल भेजने के लिए कहा गया है। निर्देश दिया गया है कि अवकाश के बावजूद इस कार्य को गंभीरता से लिया जाए। विभाग के द्वारा विशेष तौर पर पत्र लिखा गया है कि हर अधिकारी को अपने स्तर पर अंडरटेकिंग देनी होगी कि जो जानकारी उनके द्वारा भेजी गई है, वो बिल्कुल सही है।

शिक्षा विभाग की ओर से मांगी गई जानकारी में लिखा गया है कि विभाग का नाम, बोर्ड, बैंक का नाम ब्रांच सहित, एफडी का अकाउंट नंबर, एफडी के खोलने की तारीख, एफडी मैच्योर होने की तारीख, एफडी पर मिलने वाले ब्याज की दर, कॉलेबल डिपॉजिट या नॉन कॉलेल डिपॉजिट, टाइम पीरियड विद बैलेंस तथा इसके अलावा विभागाध्यक्ष कोई टिप्पणी करना चाहता है, तो वह भी कर सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा