हरियाणा:एक लाख से अधिक की साइबर ठगी की शिकायतों पर अब स्वतः दर्ज होगी ई-जीरो एफआईआर
चंडीगढ़, 25 जून (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-जीरो एफआईआर सुविधा शुरू की है। इस नई व्यवस्था के तहत हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज होने वाली एक लाख या उससे अधिक राशि की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी संबंधी शिकायतों को स्वतः ई-जीरो एफआईआर/जीरो एफआईआर में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे मामलों में शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि साइबर अपराध आज कानून प्रवर्तन एजेंसियों के समक्ष सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ई-जीरो एफआईआर सुविधा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस व्यवस्था से हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त गंभीर साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों को तत्काल कानूनी प्रक्रिया में लाया जा सकेगा, जिससे धनराशि की रिकवरी, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण तथा अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी की संभावनाएं और मजबूत होंगी। सिंघल ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य साइबर अपराध पीड़ितों को तेज, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाना है। राज्य साइबर पुलिस ने ऐसी प्रणाली विकसित की है, जिसके माध्यम से बड़ी साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों को बिना किसी अनावश्यक देरी के एफआईआर प्रक्रिया में शामिल किया जा सकेगा।डीजीपी ने बताया कि नई व्यवस्था के अनुसार यदि कोई व्यक्ति एक लाख या उससे अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होता है और इसकी सूचना हेल्पलाइन 1930 पर देता है, तो 1930 टीम शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर शिकायत को स्वतः ई-जीरो एफआईआर में परिवर्तित कर देगी। इसके बाद यह एफआईआर संबंधित क्षेत्राधिकार वाले साइबर पुलिस स्टेशन को भेज दी जाएगी। संबंधित साइबर पुलिस स्टेशन का जांच अधिकारी शिकायत प्राप्त होने के बाद पीड़ित से संपर्क कर अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करेगा तथा आवश्यक औपचारिकताएं, जैसे शिकायत की पुष्टि और हस्ताक्षर आदि पूर्ण करवाएगा। इसके उपरांत जीरो एफआईआर को नियमित एफआईआर में परिवर्तित कर तुरंत अनुसन्धान शुरू कर दिया जाएगा।
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर प्रत्येक नागरिक को तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत दर्ज होने से पुलिस को धनराशि के ट्रांसफर का पता लगाने, संदिग्ध बैंक खातों की पहचान करने, फर्जी लेन-देन को रोकने तथा साइबर अपराधियों तक शीघ्र पहुंचने में सहायता मिलती है। कई मामलों में त्वरित सूचना मिलने पर धोखाधड़ी की गई राशि को होल्ड या रिकवर करने की संभावना भी बढ़ जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा