जींद : मकान पर गिरी आसमानी बिजली, बिजली उपकरण जले

 


जींद, 15 जून (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते सोमवार को धूल भरी आंधी ने लोगो की परेशानी बढ़ाई तो बाद में बंूदाबांदी ने धूल तथा गर्मी से राहत दिलाई। आंधी के कारण दुकानों के बाहर लेगे होर्डिंग, फलेक्स तथा छप्पर उड़ गए। कुछ स्थानों पर पेड़ तथा बिजली के पोल टूट कर गिर गए। जिसके कारण बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। जिससे मौसम सुहाना हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 35 प्रतिशत तथा हवा की गति 18 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। आगे भी बादलवाई आकाश में दिखाई देगी। तापमान में भी गिरावट आएगी। कहीं-कहीं बूदाबांदी की संभावना भी है।

जुलाना कस्बे के वार्ड नंबर चार में सोमवार तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान पर आसमानी बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मकान की दीवार का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया तथा घर में लगे कई बिजली उपकरण और वायरिंग जल गई। गनिमत रही कि कोई बड़ा हादस नही हो पाया। जुलाना के वार्ड चार निवासी राकेश ने बताया कि सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग भी घबरा गए। धमाके के तुरंत बाद उनके घर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। पहले तो उन्हें लगा कि क्षेत्र में सामान्य बिजली बाधित हुई है लेकिन कुछ समय बाद जब उन्होंने घर की जांच की तो मकान की दीवार का ऊपरी हिस्सा टूटा हुआ मिला। राकेश ने बताया कि बिजली गिरने के कारण घर की विद्युत वायरिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा