हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम ने हिसार पुलिस के विरूद्ध हाईकाेर्ट में दायर की याचिका
चंडीगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला हिसार पुलिस के विरूद्ध हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। हिसार में सीआईए द्वारा अपने काफिले को रोककर हथियार दिखाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के बाद स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए उन्होंने याचिका दायर की है।
याचिका में दुष्यंत ने इस पूरे मामले में आरोपितों के विरुद्ध न केवल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है, बल्कि जांच को हरियाणा पुलिस से हटाकर किसी स्वतंत्र एजेंसी जैसे सीबीआई या चंडीगढ़ अथवा पंजाब पुलिस को सौंपने का भी अनुरोध किया है। हिसार के पुलिस अधीक्षक द्वारा इस मामले में कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद दुष्यंत चौटाला हाई कोर्ट पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि सीआईए पुलिस हिसार की इस कारगुजारी की शिकायत करने के लिए जब उन्होंने पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल को फोन किए तो उन्होंने कई बार घंटी जाने के बाद उनके फोन को ब्लाक कर दिया।
दुष्यंत चौटाला की ओर से हाई कोर्ट में दायिर याचिका में कहा गया है कि 17 अप्रैल को हिसार में उनके काफिले को एक सफेद बोलेरो वाहन ने रोक लिया। सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस अधिकारी, जिनमें इंस्पेक्टर पवन कुमार का नाम प्रमुख रूप से शामिल है, उसने हथियार लहराते हुए उन्हें और उनके सुरक्षाकर्मियों को धमकाया।
याचिकाकर्ता ने कहा कि पुलिस की भूमिका संदिग्ध है और निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। इसी आधार पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न फैसलों का हवाला देते हुए स्वतंत्र एजेंसी से जांच की आवश्यकता बताई है। हाई कोर्ट मामले पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा