जींद : पीएम मोदी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल जोडऩे का सपना साकार किया : डा. अर्चना गुप्ता

 


जींद, 23 सितंबर (हि.स.)। भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की एकता व अखंडता मजबूत करने के साथ गरीब की सवारी कही जाने वाली रेल को कश्मीर से कन्याकुमारी तक जोडऩे का ऐतिहासिक काम किया है। उनके 12 वर्षों में स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन से लेकर दुनिया के सबसे ऊंचे चेनाब ब्रिज तक रेलवे का कायाकल्प आमजन के भरोसे को मजबूत कर रहा है। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हर प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी टीम के साथ दुनिया की सबसे बड़ी और सुरक्षित स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन में गोहाना जंक्शन से जींद जंक्शन तक सफर किया। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, बच्चों और अन्य यात्रियों से संवाद कर उनके अनुभव व सुझाव जाने। विशेष रूप से महिला सुरक्षा, आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता और युवा अपेक्षाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि हरियाणा को मिली यह ट्रेन केवल नई ट्रेन नही बल्कि स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।

डा. गुप्ता ने आंकड़ों से 2004-14 और 2014-26 के बदलाव समझाए। 2004-14 में जहां 9,587 बायो टॉयलेट लगे थे, वहीं 2014 से फरवरी 2026 तक 3,66,250 बायो टॉयलेट लगाए गए। जिससे पटरियों पर अपशिष्ट गिरने की समस्या खत्म हुई। ट्रैक निर्माण में 2004-14 के 14,985 किलोमीटर के मुकाबले 2014-26 में 36,429 किलोमीटर जोड़े गए। जोकि अढाई गुना से अधिक है। ब्रॉडगेज नेटवर्क के सभी अनमैन्ड लेवल क्रॉसिंग समाप्त हो चुके हैं।

जून 2026 तक 6,671 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और 10,395 लेवल क्रॉसिंग गेट्स पर इंटरलॉकिंग व्यवस्था हो चुकी थी। कवच, आधुनिक ट्रैक, सिग्नलिंग और सुरक्षित लेवल क्रॉसिंग ने रेल सुरक्षा बदली है। मार्च 2026 तक 162 चेयर कार वंदे भारत और दो स्लीपर वंदे भारत सेवाएं चल रही थी। जिनमें सीसी टीवी, ऑटोमैटिक डोर और बेहतर सुविधाएं हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से माल ढुलाई तेज हुई है। इस अवसर पर जवाहर सैनी, भारत भूषण टांक, राकेश बूरा, डा. पुष्पा तायल, अमरपाल राणा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा