नूंह में हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

 


नूंह, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत सीआईए तावड़ू ने 262 ग्राम हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। आरोपी की पहचान जगमाल निवासी शिकारपुर, थाना सदर तावड़ू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार एसआई विजयपाल अपनी टीम के साथ तावड़ू शहर के लखपत चौक पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि जगमाल पटौदी चौक से आगे दुकानों के पीछे मोटरसाइकिल पर खड़ा होकर फुटकर ग्राहकों को हेरोइन बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।

नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की दाहिनी जेब में रखी पॉलीथीन से 262 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह हेरोइन सेवल निवासी बावला, थाना सदर तावड़ू से खरीदकर लाया था। इसके बाद तावड़ू शहर थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जिला एंटी नारकोटिक्स सेल के नोडल अधिकारी डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी नशा कहां से लाता था और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। डीएसपी ने कहा कि पुलिस की टीमें पहले भी बड़े स्तर पर नशा तस्करी से जुड़े गिरोहों का भंडाफोड़ कर चुकी हैं। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया