जींद : जिला कारागार में मोबाइल फोन पहुंचाने के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार

 


जींद, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला कारागार में अवैध रूप से मोबाइल फोन पहुंचाने के मामले में सीआईए स्टाफ जींद की टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

सीआईए स्टाफ जींद के प्रभारी निरीक्षक अनुप कुमार ने बुधवार को बताया कि जेल प्रशासन की ओर से थाना सिविल लाइन में शिकायत दी गई थी। इसमें बताया गया था कि जिला जेल में तलाशी अभियान के दौरान एक की पैड मोबाइल फोन, एक बैटरी, चार सिम कार्ड और दो छोटी तार बरामद हुई थी। जेल परिसर में प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ प्रिजन एक्ट की धारा 42 के तहत मामला दर्ज किया था। बाकायदा जिला कारागार में सर्च अभियान भी चलाया गया था।

मामले की आगामी जांच सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई थी। जांच के दौरान गांव रामराये निवासी जतिन उर्फ डेविड, जुलाना निवासी शंकर और गांव कालवा निवासी नवीन उर्फ नोनी के नाम उभर कर सामने आए। जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अदालत से उनके प्रोडक्शन वारंट हासिल किए और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा