यमुनानगर:डंपर की चपेट में आकर वेल्डर की मौत, चालक पर भीड़ ने किया हमला

 

यमुनानगर, 29 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर के व्यासपुर क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मृत्यु हो गई। हादसा उस समय हुआ जब रणजीतपुर मार्ग की ओर से आ रहे तेज गति के डंपर ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार वाहन के नीचे आ गया और चालक उसे कुछ दूरी तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान यमुनानगर के गांव छोली निवासी 42 वर्षीय रमेश कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से वेल्डिंग का कार्य करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रमेश अपनी मोटरसाइकिल पर रणजीतपुर रोड से आ रहा था। जैसे ही वह छोटा अड्डा व्यासपुर के समीप पहुंचा, पीछे से आए डंपर ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। गिरने के बाद वह वाहन के पहिए में फंस गया और चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

गुस्साई भीड़ ने डंपर को घेर लिया और चालक को नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वाहन के शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। चालक किसी तरह मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, तभी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया। डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है। व्यासपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार