जींद : नगर परिषद सफाई कर्मियों ने शुरू की दो दिवसीय हडताल

 


जींद, 01 मई (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने अपनी दो दिवसीय हडताल शुरू की। हडताल की अध्यक्षता जिला प्रधान सोहनलाल ने की। हडताल के चलते जिले में सफाई कार्य भी नही किया गया। जिसके चलते शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए।

नगर परिषद कार्यालय परिसर में हडतालरत सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सोहनलाल ने कहा कि वो लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं लेकिन उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नही दिया जा रहा है।

कर्मचारी नेता विक्रम सिंह ने कहा कि मई दिवस पर नगर पालिका कर्मचारियों ने हडताल शुरू की है। रिटायर्ड कर्मचारी संघ उनकी हडताल का समर्थन करता है। आज मई दिवस भी है और मजदूरों के हकों पर पर ही सरकार लगातार हमला कर रही है। सकसं नेता संजीव ढांडा ने कहा कि नगर पालिका संघ ने जो दो दिवसीय हडताल शुरू की है, इसका सर्व कर्मचारी संघ समर्थन करता है। इनकी मांगें पूरी तरह से जायज हैं। सरकार लगातार सफाई कर्मियों के साथ अन्याय कर रही है। ठेकेदारी प्रथा को वो पूर्ण रूप से खत्म करवाना चाहते हैं।

दो दिन में सरकार उनकी मांगों को पूरा नही करती तो हडताल को बढाया जाएगा। सफाई कर्मचारी नेता सोहनलाल ने कहा कि राज्य कमेटी के आह्वान पर दो दिवसीय हडताल की शुरूआत की गई है। उनकी मांग है कि ठेकाप्रथा को समाप्त कर सभी कर्मियों को पक्का किया जाए। एक्सग्रेशिया की नीति को बहाल किया जाए। हमारी मांग पूरी नही होती तो राज्य कमेटी का जो आह्वान होगा, उस पर वो काम करेंगे। लगभग 400 कर्मचारी हडताल पर हैं। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी हडताल पर रहने के चलते शहर से गंदगी का उठान नही हुआ। जिसके चलते जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा