सिरसा: नशा तस्करों की अवैध संपत्ति को करें अटैच: डीएसपी

 


सिरसा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा के डीएसपी संजीव बल्हारा ने बुधवार को सिरसा पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों को को नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएसपी बल्हारा ने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है जो न केवल युवाओं को प्रभावित करता है, बल्कि इससे अपराध और हिंसा भी बढ़ रही है। नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि इस अपराध पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सके।

उन्होंने थाना प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों से कहा कि नशा तस्करों द्वारा नशे की काली कमाई से अवैध रुप से संपति अर्जित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नशे की काली कमाई से अर्जित संपति को जब्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि धारा 68 एफ के तहत यदि कोई जांच अधिकारी यह विश्वास करता है कि नशा तस्करों द्वारा संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई है तो उस संपत्ति का अभिग्रहण करने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरु करें। यह आदेश संबंधित अधिकारी द्वारा दिया जाएगा और उसे सक्षम प्राधिकारी को सूचित किया जाएगा। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि आदेश के प्रभावी होने से पहले उसकी पुष्टि सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जाएगी और यह पुष्टि 30 दिनों के भीतर की जानी चाहिए। यदि इस आदेश को सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी नहीं मिलती है तो वह आदेश प्रभावी नहीं होगा।

इस कार्य में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा, ताकि जिले में नशा तस्करी की समस्या का हल निकल सके। डीएसपी बल्हारा ने थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों से कहा कि वे नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्ती से काम करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma