कैथल: नशे की सप्लाई की कड़ी तक पहुंची पुलिस, चार सप्लायर गिरफ्तार

 






कैथल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों तक पहुंचने के लिए पुलिस की जांच में तीन अलग-अलग मामलों में चार सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं। सीआईए-1 ने 21 किलो गांजा फूल-पत्ती की बरामदगी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक किलो 167 ग्राम अफीम की बरामदगी के मामले में एक सप्लायर को गिरफ्तार किया। इसके अलावा सीआईए गुहला ने नशीले घोल और प्रतिबंधित गोलियों की बरामदगी के मामले में एक सप्लायर को काबू किया है।

सीआईए-1 ने 29 सितंबर को गांव बरटा से गलौली जाने वाली सड़क पर 21 किलो गांजा फूल-पत्ती के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनाल जिले के गांव बांसा निवासी सोमनाथ और नुरूखेड़ी निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को नाकाबंदी के दौरान जींद जिले के गांव रेवर निवासी टिंकू को पकड़ा गया था। उसके पास प्लास्टिक के कट्टे से 21 किलो गांजा बरामद हुआ था।

अफीम सप्लाई करने वाला आरोपी पकड़ा

दूसरे मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने एक किलो 167 ग्राम अफीम की बरामदगी के मामले में गांव खरकां निवासी बबुराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को गांव नौच के नहर पुल के पास नौच निवासी प्रवीण को पकड़ा गया था। उसके पास मौजूद थैले से एक किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुई थी।

नशीला घोल तैयार कर बेचने के मामले में सप्लायर गिरफ्तार

सीआईए गुहला ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों और नशीले घोल की बरामदगी के मामले में कैथल की भगत सिंह कॉलोनी निवासी अतुल छोकर को गिरफ्तार किया है। इस मामले में छह अगस्त को भागल चौकी पुलिस ने गुहला के वार्ड नंबर-11 निवासी जसविंद्र को रजबाहा पुल, भागल-बलबेहड़ा रोड के पास पकड़ा था। उसके कब्जे से 17 खाली प्लास्टिक की छोटी शीशियां, एक बोतल में 581 ग्राम नशीला घोल और जेब से बुप्रेनोरफिन की 10 गोलियां बरामद हुई थीं। जांच में अतुल छोकर का नाम सप्लायर के रूप में सामने आया। इसके बाद सीआईए गुहला की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 700 रुपये की ड्रग मनी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे