यमुनानगर पुलिस ने दाे नशा तस्कर दबोचे
यमुनानगर, 23 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों के दो प्रमुख आपूर्तिकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब उनसे पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 22 दिसंबर 2025 को पुलिस ने 810 ग्राम स्मैक के साथ बरेली के आनंद विहार, फरीदपुर निवासी रजनीश को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया था कि बरामद मादक पदार्थ उसे फरीदपुर निवासी ऋषभ ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही और अंततः उसे फरीदपुर से गिरफ्तार कर लिया। अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यमुनानगर तक इसकी खेप किस माध्यम से पहुंचाई जाती थी।
एक अन्य मामले में अनिल कुमार ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को कलानौर सीमा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए छछरौली निवासी इस्लाम और रियासत को 40 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह स्मैक उत्तर प्रदेश निवासी गयूर से खरीदी गई थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गयूर को भी गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार