यमुनानगर:प्रतिबंधित दवाओं का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, मेडिकल स्टोर संचालक रिमांड पर

 

यमुनानगर, 05 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने प्रतिबंधित दवाइयों की आपूर्ति करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 19 जून 2026 को विश्वकर्मा चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वीणा नगर निवासी चंद्रपाल पुत्र सोनू को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 720 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए थे।

पूछताछ के दौरान चंद्रपाल ने खुलासा किया कि प्रतिबंधित दवाइयों की खेप उसे उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर निवासी मोहम्मद सारूण उपलब्ध कराता था। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सारूण को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी मेडिकल स्टोर का संचालन करता है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी इसी प्रकार के मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि प्रतिबंधित दवाइयों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। मामले में आगे और गिरफ्तारियों की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार