पानीपत: नशा तस्कर गांजा सहित किया गिरफ्तार

 


पानीपत, 26 जून (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम ने चौटाला रोड स्थित सेक्टर 29 कट पर एक युवक को 13 किलो 775 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान बिहार के अररिया निवासी रामायण के रूप में हुई है। आरोपी बिहार से पानीपत में नशा तस्करी करने आया था। पुलिस ने बताया कि गुरुवार की शाम को उनकी टीम गश्त एवं जांच पड़ताल के दौरान सिवाह बस अड्डा के पास थी।

इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि चौटाला रोड स्थित सेक्टर 29 कट पर एक युवक प्लास्टिक कट्टे में मादक पदार्थ लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अररिया बिहार निवासी रामायण के रूप में बताई। पुलिस ने युवक के प्लास्टिक कट्टे की तलाशी ली तो उसमें काफी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

बरामद गांजा का वजन करने पर 13 किलो 775 ग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी रामायण ने बताया वह शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए उक्त गांजा बिहार में एक युवक से कम कीमत पर खरीदकर गुरुवार को पानीपत में बेचने के लिए आया था। पुलिस ने आरोपी रामायण के खिलाफ थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा