यमुनानगर:हेरोइन तस्करी के आरोप में दो गिरफ्तार
यमुनानगर, 02 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पहले से भी नशा तस्करी के कई मामले न्यायालय में लंबित हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि 22 जून 2025 को पुलिस ने एक किलो 200 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह खेप पुराना हमीदा निवासी अमानत और सलामत तक पहुंचाने आया था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों नर्सरी का व्यवसाय करते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी करीब दो माह पहले ही जमानत पर जेल से रिहा हुए थे। इनके विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है ताकि पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार