यमुनानगर:हेरोइन व अफीम तस्करी के चार आरोपी गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 15 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए हेरोइन और अफीम बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कलानौर मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोककर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई। बाइक पर सवार दोनों युवकों के कब्जे से 20-20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस प्रकार कुल 40 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। आरोपियों की पहचान छछरौली निवासी रियासत तथा इस्लाम के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल के माध्यम से मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आए थे। उनसे पूछताछ जारी है।

एक अन्य कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की दूसरी टीम ने खुडेवाला-मुसिम्बल रोड पर अंबाला जिला निवासी रामलाल को 334 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह अफीम गांव भभोली निवासी शुभम से प्राप्त की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए, किन क्षेत्रों में उनकी आपूर्ति की जानी थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार