सोनीपत: नशा मुक्त रहें, जीवन को सफल व सुरक्षित बनाएं : पुलिस उपायुक्त

 


सोनीपत, 20 मार्च (हि.स.)। सोनीपत पुलिस की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयाेजित किया गया। क्राइम यूनिट कुंडली की टीम ने बीपीएस खानपुर विश्वविद्यालय में छात्राओं को जागरूक किया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें सहायक उप निरीक्षक आशीष के नेतृत्व में टीम ने भाग लिया।

इसमें पुलिस उपायुक्त क्राइम नरेंद्र कादियान ने शुक्रवार को कहा कि नशा मुक्त रहे जीवन को सफल और सुरक्षति बनाएं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि युवा वर्ग को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षा, खेल, योग और सकारात्मक गतिविधियां जीवन को सही दिशा देती हैं। गलत संगति से बचना और समय पर सही निर्णय लेना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालता है और परिवार व समाज को भी प्रभावित करता है। युवावस्था में लिया गया गलत निर्णय जीवन को भटका सकता है और कई बार नशा अपराध की ओर भी ले जाता है। इसके साथ ही छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया तथा आपात स्थिति में डायल 112 सेवा का उपयोग करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के में सभी विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना