सिरसा: पुलिस ने नशे की खेप पकड़ी, चार तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 16 अप्रैल (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए करीब तीन क्विंटल चूरापोस्त सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशे की यह खेप झारखंड के रांची से लाई जा रही थी और इसे सिरसा जिले में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने कैंटर को भी जब्त कर लिया है।

डीएसपी अर्शदीप सिंह ने गुरुवार को बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस की एक पुलिस टीम डिंग क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान एनएच-नौ डिंग थाना क्षेत्र में फतेहाबाद की ओर से आ रहे कैंटर को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान 12 प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए। पुलिस ने कट्टों की तलाशी ली गई तो उनमें से 297 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के मुक्तसर जिला निवासी मेजर सिंह के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ डिंग थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह चूरापोस्त झारखंड के रांची क्षेत्र से लेकर आया था और सिरसा तथा आसपास के गांवों में इसकी सप्लाई करने की योजना बना रहा था।

इसके अलावा पुलिस ने तीन युवकों को साढ़े चार किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू किया है । सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान राहुल, सागर व लखबिंद्र सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान उससे गहन पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma