यमुनानगर:नशीले कैप्सूलों की खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर, 03 जून (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल और अपराध शाखा-1 की संयुक्त कार्रवाई में कुल 2328 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि कलावड़ निवासी रवि कुमार मोटरसाइकिल पर प्रतिबंधित कैप्सूल लेकर सप्लाई के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने जागधौली क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 528 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा-1 की टीम ने जठलाना थाना क्षेत्र के सधालां गांव के निकट छापेमारी कर जठलाना निवासी अजमल को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1800 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध कारोबार से जुड़े तथ्यों की जानकारी दी है।
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नशीले पदार्थों का स्रोत क्या है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका क्या रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार