सोनीपत में खिलाड़ियों को नशा व साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए

 




सोनीपत, 21 मार्च (हि.स.)। सोनीपत

में युवाओं को अपराध और नशे के दलदल से बचाने के लिए पुलिस ने सराहनीय पहल की है। पुलिस उपायुक्त गोहाना भारती डबास के नेतृत्व में

गांव जुआं स्थित कुश्ती अकेडमी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान

का उद्देश्य खिलाड़ियों को अनुशासित जीवन शैली अपनाने और गलत रास्तों से दूर रहने के

प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम

के दौरान शनिवार को थाना मोहाना के प्रभारी निरीक्षक मोहन सिंह व उनकी टीम ने खिलाड़ियों को नशे

के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल

शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह खिलाड़ी के भविष्य और उसके खेल जीवन को भी पूरी

तरह नष्ट कर देता है। युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों

को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।

इसके

साथ ही पुलिस टीम ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए खिलाड़ियों को सावधानी

बरतने की सलाह दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी

निजी जानकारी, ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति

साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे या नजदीकी

थाने में शिकायत दर्ज कराए।

प्रभारी

निरीक्षक मोहन सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल के साथ-साथ कानून का पालन करें

और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। इस अवसर पर अकेडमी के कोच सहित अन्य गणमान्य लोग

भी उपस्थित रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना