हरियाणा में अचानक बदला मौसम, आंधी और बूंदाबांदी ने दिलाई गर्मी से राहत
बदले मौसम से तापमान में आई गिरावट, परिवर्तनशील
रहेगा मौसम
हिसार, 04 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी से जूझ रहे
प्रदेश के लोगों को गुरुवार शाम मौसम में आए अचानक बदलाव से राहत मिली। राजस्थान की
ओर से विभिन्न क्षेत्रों में आई तेज आंधी के कारण धूल भरा गुबार भी छा गया। देखते ही
देखते आसमान धूल और बादलों से ढक गया तथा कई क्षेत्रों में दृश्यता भी प्रभावित हुई।
बदले मौसम की वजह से तापमान में गिरावट आई है।
दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों
का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा था, लेकिन शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली। तेज
हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने लगी, जिससे बाजारों और सड़कों पर लोगों को परेशानी
का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर आंशिक रूप से
बंद कर दिए, जबकि वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी।
आंधी के बाद कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी
भी दर्ज की गई। बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम
अपेक्षाकृत सुहावना हो गया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम में आए इस बदलाव का असर जनजीवन पर भी दिखाई
दिया। दिनभर गर्मी से बेहाल रहे लोगों को शाम के समय ठंडी हवाओं का एहसास हुआ। हालांकि
धूल भरी आंधी के कारण कुछ समय के लिए वातावरण में धूल का स्तर बढ़ गया, लेकिन बाद में
हवाओं और हल्की बारिश से स्थिति सामान्य होने लगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान क्षेत्र में
बने मौसमी तंत्र और पश्चिमी प्रभावों के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला है। आने
वाले दिनों में भी मौसम परिवर्तनशील रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने
की संभावना जताई गई है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के
नोडल अधिकारी एवं मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन का कहना है कि पाकिस्तान पर लगातार
नये बादलों का फुटाब और निर्माण जारी है जिसे हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर गुरुवार रात
और शुक्रवार को बड़े पैमाने पर गतिविधियों की संभावना बन रही है वहीं लगातार पश्चिमी
हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और मध्यवर्ती
जिलों में आंधी अंधड़ की गतिविधियों की संभावना बन रही है। वर्तमान परिदृश्य में आंधी
अंधड़ के साथ—साथ कैथल जींद रोहतक और दिल्ली एनसीआर पर लगातार गतिविधियां देखने को मिल रही
है।
कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग
के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के
आंशिक प्रभाव से मौसम आमतौर पर 6 जून तक परिवर्तनशील रहने व बीच बीच में आंशिक बादलवाई
तथा हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। इस दौरान पहला पश्चिमी विक्षोभ 2 जून को
आ गया जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 4 जून को पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा पंजाब के ऊपर
एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 6 जून तक हरियाणा
में ज्यादातर क्षेत्रों में बीच बीच में मध्यम से तेज हवाएं चलने व कहीं कहीं गरज चमक
के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम
से तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दिन के तापमान में
ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर