पलवल: खेत में मिला ड्राइवर का शव, मालिक व सहकर्मी पर हत्या का केस दर्ज
पलवल, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले के दुधौला गांव में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के रसूलपुर गांव निवासी आकाश के रूप में हुई है, जो दुधौला स्थित एक ऑफिस में ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार, आकाश का शव एचपीएल कंपनी के पीछे खेतों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मृतक आकाश दुधौला गांव में बाबू नामक व्यक्ति के यहां ड्राइवर की नौकरी करता था। उसी कार्यालय में धर्मेंद्र नामक युवक भी कार्यरत था। मृतक के पिता भोले सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या 4 अप्रैल की रात को की गई है। उन्होंने ऑफिस मालिक बाबू और सहकर्मी धर्मेंद्र पर हत्या का संदेह जताया है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आकाश का सिम कार्ड, पर्स और एटीएम कार्ड आरोपी धर्मेंद्र के पास से बरामद हुए हैं, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।
घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और डॉ. विनोद के नेतृत्व में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के भाई रोहित को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद शव को जिला नागरिक अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि भोले सिंह की शिकायत के आधार पर बाबू और धर्मेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग