सोनीपत: केएमपी पर हुए हादसे में चालक की मौत, इंजीनियर घायल

 

सोनीपत, 19 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर लापरवाही भरी ड्राइविंग से बड़ा सड़क हादसा

हो गया। पिपली गांव के पास आगे चल रही गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही ईको

वैन टकरा गई। हादसे में वैन चालक की मौत हो गई, जबकि कंपनी का इंजीनियर गंभीर रूप से

घायल हो गया। खरखौदा थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू

कर दी है।

गांव

ताजपुर निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि वह राई इंडस्ट्रियल एरिया की एक कंपनी में

इंजीनियर है। वह रविवार सुबह कंपनी के चालक सचिन के साथ ईको वैन में कंपनी के काम से

राजस्थान के नीमराना जा रहा था। जब वे खरखौदा क्षेत्र में केएमपी पर पहुंचे, तो आगे

चल रही एक गाड़ी सड़क पर लहरा रही थी।

चालक सचिन ने कई बार दूरी बनाकर बचने की कोशिश

की, लेकिन अचानक उस वाहन ने सड़क के बीच तेज ब्रेक लगा दिए। इससे ईको वैन सीधा पीछे

से टकरा गई और दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहगीरों ने मदद कर उन्हें बाहर निकाला

और अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने चालक सचिन को मृत घोषित कर दिया।

घायल संदीप का सोनीपत के निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

एएसआई

नीरज ने बताया कि सीएचसी खरखौदा से चालक की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम

बयान लेने के लिए बहादुरगढ़ और फिर सोनीपत अस्पताल पहुंची। मृतक का पोस्टमार्टम नागरिक

अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने घायल इंजीनियर के बयान पर चालक के खिलाफ मामला

दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों

से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना