हिसार में खड़े ट्रक में चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंची, जांच शुरू
हिसार, 23 मई (हि.स.)। जिले के बरवाला थाना क्षेत्र
के गांव बालक के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में
मौत हो गई। चालक का शव ट्रक में सीट पर मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिले के नागरिक अस्पताल भिजवाया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार काे बालक-चोपटा-भूना रोड
पर गांव बालक के समीप एक ट्रक काफी देर से सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान वहां से
गुजर रहे राहगीरों की नजर ट्रक के अंदर बैठे चालक पर पड़ी, जिसकी हालत संदिग्ध दिखाई
दी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो चालक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत डायल-112
पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतक की पहचान पारता गांव निवासी 50 साल के कृष्ण कुमार के रूप में की है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया,
जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और तथ्य जुटाए। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव
को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिले के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों
का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट
आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। फिलहाल जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर