पानीपत रिफाइनरी में हाइड्रा मशीन पलटने से ड्राइवर की मौत

 


पानीपत, 26 जून (हि.स.)। पानीपत रिफाइनरी में शुक्रवार को हाइड्रा मशीन के पलटने से ड्राइवर की मौत हो गई। मौके पर मौजूद साथी कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भी पहुंचाया लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक की पहचान नूरवाला निवासी 37 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है। उसके पिता भी एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। अमरजीत पानीपत रिफाइनरी में एक ठेकेदार के अधीन हाइड्रा मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था।

शुक्रवार सुबह रिफाइनरी परिसर में हाइड्रा मशीन से काम करते समय अचानक मशीन का संतुलन बिगड़ गया। इससे भारी-भरकम हाइड्रा मशीन पलट गई और अमरजीत उसके नीचे दब गया। गंभीर चोटें लगने और दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अमरजीत के पिता की तबीयत काफी खराब है। वह 25 जून से पानीपत के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। शुक्रवार को ही डॉक्टरों ने उनके दिल का ऑपरेशन तय किया था। पिता की गंभीर हालत को देखते हुए परिवार के सभी सदस्य अमरजीत को गुरुवार शाम ड्यूटी पर न जाने और घर पर ही रुकने के लिए कह रहे थे। पुलिस ने परिवार के बयानो के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा