हिसार में दो ट्रक भिड़े, आग लगने से जिंदा जला चालक
आग लगने व कैबिन अंदर धंसने की वजह से बाहर नहीं
निकल पाया चालक
हिसार, 15 मई (हि.स.)। शहर के साउथ बाइपास पर सेक्टर 33 के पास दो ट्रकों
की भिड़ंत से लगी आग में एक ट्रक के चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। बताया जा रहा
है कि टक्कर होते ही दोनों ट्रकों में आग लग गई और आग इतनी भयानक थी कि एक चालक नीचे
नहीं उतर पाया और जिंदा जल गया। मृतक चालक की पहचान फतेहाबाद के गांव चिंदड़ निवासी
जगन के रूप में हुई है।
साउथ बाइपास पर शुक्रवार दोपहर बाद हुए हादसे
की सूचना के बाद पुलिस व दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुंची पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जले हुए में सामान क्या था
और कहां जा रहे थे। सूचना के बाद पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक
को सूचारू रखने के आदेश दिए।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद डीजल रिसने से आग
भड़क गई, जो एकदम फैल गई। दोनों ही ट्रक हादसे के बाद पलट गए थे। इसके कारण चालक को
निकलने का मौका नहीं मिल सका। हादसे के बाद राहत बचाव की टीमें मौके पर पहुंच गई और
शव को निकालने का प्रयास किया गया। कटर से ट्रक की बॉडी को काटा गया और चालक के जले
हुए शव को भी काटकर बाहर निकाला गया। जिस समय शव को बाहर निकाला गया तो पास गुजर रहे
एक प्राइवेट गाड़ी वालों ने मृतक की पहचान की।
हालांकि, शव पूरी तरह से जल गया था। राहत बचाव
की टीम कर्मचारियों ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक का केबिन अंदर के तरफ धंस गया था
जिसमें चालक भी दब गया था। इस कारण वह बाहर नहीं निकल पाया होगा। उधर, बताया जा रहा है कि दूसरे ट्रक में चालक
सहित तीन लोग थे जो ट्रक में आग लगने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ट्रक के नंबर
से उनकी पहचान करने में जुट गई है। यह ट्रक पूरी तरह से खाली था। बताया जा रहा है कि
एक ट्रक गलत दिशा में चल रहा था, जिस कारण आमने-सामने भिडंत हो गई। सदर थाना पुलिस
मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर