हरियाणा में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान

 

प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर, 20,864 बीएलओ संभालेंगे जिम्मेदारी

चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन विभाग प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाएगा। इस अभियान के तहत नए मतदाताओं के साथ-साथ उन पात्र नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे, जिनके नाम किसी कारणवश दर्ज होने से छूट गए हैं।

प्रदेश में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 22 जिला निर्वाचन अधिकारी, 90 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), 1,778 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), 2,244 बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सुपरवाइजर और 20,864 बूथ लेवल अधिकारी तैनात हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतदाता सूची में नया नाम दर्ज करवाने के लिए फॉर्म-6 भरा जा सकता है। फॉर्म-7 के माध्यम से नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज करवाने अथवा पहले से दर्ज नाम हटाने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं, फॉर्म-8 का उपयोग निवास स्थान बदलने, दर्ज विवरण में सुधार, मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) बदलवाने अथवा दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित करवाने के लिए किया जाता है।

मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें बीएलओ मौजूद रहकर मतदाताओं को आवेदन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहायता देंगे। विभाग पात्र नागरिकों से अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करने और जरूरत के अनुसार निर्धारित फॉर्म भरने की अपील करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा