हिसार : कांग्रेस पहले अपना कुनबा संभाले, फिर भाजपा के मंडल अध्यक्षों के सपने देखें : पीयूष मेहता
भाजपा ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष के दावे पर किया पलटवार, छालनी की संज्ञा दी
हिसार, 07 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के जिला प्रवक्ता पीयूष मेहता ने कांग्रेस
को सलाह दी है कि वह पहले अपना कुनबा संभाले, फिर भाजपा मंडल अध्यक्षों की तरफ देखें।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि छाज तो बोले सो बोले, छलनी भी क्या बोले
जिसमें 70 छेद हों। भाजपा प्रवक्ता पीयूष महता शुक्रवार काे जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस
जिला अध्यक्ष के दावे पर प्रतिक्रिया जता रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा के
11 में से 8 मंडल अध्यक्ष उनके संपर्क में थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को
भाजपा पर बयानबाजी करने से पहले अपनी पार्टी की वास्तविक स्थिति पर नजर डालनी चाहिए।
यदि कांग्रेस वास्तव में मजबूत संगठन होने का दावा करती है, तो पहले हिसार के ग्रामीण
और शहरी जिला अध्यक्षों को एक मंच पर लाकर अपनी एकजुटता साबित करे। जिस पार्टी के नेता
ही अलग-अलग खेमों में बंटे दिखाई देते हों, उसे भाजपा के संगठन पर सवाल उठाने का कोई
नैतिक अधिकार नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस मंडल अध्यक्षों की बात तो छोड़िए, यदि भाजपा
के किसी सामान्य कार्यकर्ता को भी अपने साथ जोड़कर दिखा दे तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि
होगी। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, नीतियों और संगठन के प्रति
पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है तथा हर परिस्थिति में पार्टी के साथ
मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं से अधिक नेताओं की भरमार
है, जबकि भाजपा की कार्यसंस्कृति में हर नेता स्वयं को पहले कार्यकर्ता मानता है। यही
भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक ताकत है।
पीयूष महता ने कहा कि हिसार की जनता कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी, आपसी खींचतान
और नेतृत्व संघर्ष से भली-भांति परिचित है। ऐसे में भाजपा के संगठन को लेकर किए जा
रहे दावे केवल राजनीतिक चर्चा में बने रहने और मीडिया की सुर्खियां बटोरने की एक असफल
कोशिश हैं। पत्रकार वार्ता में भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, जिला उपाध्यक्ष
मुनीष ऐलावादी तथा जिला सचिव पिंकी नरेन्द्र शर्मा भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर