सोनीपत: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की शिक्षाओं को आत्मसात करें: मोहन लाल बड़ौली
सोनीपत, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय
जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर
सेक्टर-15 स्थित पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के निवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
सोमवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर
उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और कहा कि उनकी शिक्षाओं को आत्मसात करें।
मोहन
लाल बड़ौली ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता
और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और
अपने सिद्धांतों के लिए जीवन का बलिदान दिया। उनका व्यक्तित्व, विचार और राष्ट्रहित
के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि
युवा पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका
निभानी चाहिए।
कार्यक्रम
में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा उनके विचारों
को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रहित,
सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए डॉ. मुखर्जी के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक
हैं जितने उनके जीवनकाल में थे।
कार्यक्रम
में वरिष्ठ नेता आजाद सिंह नहरा, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया, ओबीसी मोर्चा के
जिला अध्यक्ष विनोद बैरागी, पार्षद त्रिभुवन कौशिक, वरिष्ठ कार्यकर्ता आनंद हुड्डा
और जिला उपाध्यक्ष अजय दहिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में
सभी ने देशहित और समाजहित में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने
का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना