हिसार : ए3 कलर डिजिटल प्रेस की सुरक्षा बढ़ाने के लिए शोध करेंगे डॉ. मोहित कुमार
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के प्रिंटिंग विभाग के डा. मोहित कुमार को मिली
शोध परियोजना
हिसार, 24 जुलाई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के शिक्षक डा. मोहित कुमार ए3 कलर डिजिटल प्रेस की सुरक्षा बढ़ाने के लिए शोध करेंगे।
डा. मोहित कुमार को हरियाणा सरकार से ‘ए3 कलर डिजिटल प्रिंटिंग प्रेसों में निहित सुरक्षा
प्रोटोकॉल का संवेदनशील मुद्रित जानकारी की सुरक्षा के लिए मूल्यांकन: सरकारी और व्यावसायिक
अनुप्रयोगों के लिए निहितार्थ’ विषय पर 28 लाख की शोध परियोजना मिली है। इस परियोजना की अवधि दो वर्ष है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे बताया कि यह परियोजना डिजिटल
प्रिंटिंग सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह शोध समाज व राष्ट्र
निर्माण में भी योगदान देगा। यह परियोजना हरियाणा राज्य में प्रिंटिंग के क्षेत्र में
शोध व विकास को मजबूती देगी। भविष्य में संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा के साथ-साथ
प्रिंटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर अधिक भरोसेमंद बनेगा। उन्होंने डा. मोहित कुमार को इस परियोजना
के मिलने पर बधाई दी।
डा. मोहित कुमार ने बताया कि परियोजना का मकसद डिजिटल प्रेस के हैकिंग, अवांछित
प्रिंट और मेमोरी-रिकवरी को रोककर संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना
है। यह परियोजना ए3 कलर डिजिटल प्रेस पर वैज्ञानिक सुरक्षा परीक्षण और हार्डनिंग कार्य
करेगी, ताकि कोई भी बाहरी या आंतरिक स्रोत मशीन से अनधिकृत प्रिंट न निकाल सके और प्रिंटिंग
से संबंधित डाटा मशीन की मेमोरी में सुरक्षित न रहे।
परियोजना में फर्मवेयर सिक्योरिटी,
एनक्रिप्टेड प्रिंट जॉब ट्रांसमिशन, सिक्योर बूट मैकेनिज्म, ऑडिट-लॉगिंग, और फॉरेंसिक-रेसिस्टेंट
क्लीनअप तकनीकें विकसित व परखी जाएंगी। परियोजना के सफल होने पर सरकारी संस्थान, बैंकिंग,
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा में मदद मिलेगी तथा
पेपर लीक की घटनाओं को रोका जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर