हिसार : एचसीएस परीक्षा में प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल करने वाली छवि सरदाना को डॉ. कमल गुप्ता ने दिया आशीर्वाद

 


डोगरान मोहल्ला स्थित आवास पर पहुंचकर किया सम्मानित

हिसार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) परीक्षा में प्रदेश

में पांचवां स्थान हासिल कर हिसार का गौरव बढ़ाने वाली डोगरान मोहल्ला निवासी छवि सरदाना

को पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने उनके निवास पर पहुंचकर

शुभकामनाएं दीं और आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने छवि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया

तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. कमल गुप्ता ने शुक्रवार काे कहा कि छवि सरदाना की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए

ही नहीं, बल्कि पूरे हिसार और हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि परिश्रम,

अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर हासिल की गई यह सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों

के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि छवि का भारतीय प्रशासनिक सेवा

(आईएएस) अधिकारी बनने का सपना भी जल्द साकार होगा। उन्होंने स्नेहपूर्वक कहा कि वह

भविष्य में भी उनके घर आकर उन्हें आशीर्वाद देंगे।

इस अवसर पर डॉ. कमल गुप्ता ने छवि के पिता चिराग सरदाना, उनकी माता और परिवार

के अन्य सदस्यों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और

अच्छे संस्कार ऐसी उपलब्धियों की मजबूत नींव होते हैं। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश असीजा, पूर्व पार्षद सुरेश गोयल धूप वाला,

पार्षद प्रतिनिधि सुनील वर्मा और मंडल महामंत्री अनुज जैन भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर