पानीपत: दहेज के लोभियों ने विवाहिता को भूखा प्यासा घर से निकाला रास्ते में हुई बेहोश

 


पानीपत, 03 जून (हि.स.)। पानीपत के गांव बलाना की एक विवाहिता मंगलवार दोपहर बाद ब्राह्मण माजरा रोड पर बेहोशी की हालत में मिली। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद होश आने पर महिला ने अपनी पहचान गांव बलाना निवासी काफ़ी के रूप में बताई।

काफ़ी ने बताया कि उसकी शादी सवा दो साल पहले काबडी रोड, अर्जुन नगर में हुई थी। पुलिस ने उसके माता-पिता को सूचना दी और उन्हें अस्पताल बुलाया। काफ़ी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 26-27 मई की रात को उसके पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की थी। पति ने उससे अपने पिता से डेढ़ लाख रुपए लाने की मांग की थी और कहा था कि जब तक पैसे नहीं आएंगे, उसे घर में नहीं घुसने दिया जाएगा। महिला ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उसके साथ अक्सर मारपीट होती रही है। और पंचायती तौर पर उसके पिता ने ससुराल वालों को 50 हजार रुपए भी दिए थे। लेकिन उनका मन नहीं भरा।

उन्होंने डेढ़ लाख रुपए और लाने की मांग की। 27 मई को थाना इसराना में दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी, जिसमें 50 हाजर रुपए दिए जाने की बात साबित हुई और समझौता हो गया था। समझौते के बाद काफ़ी को अर्जुन नगर ले जाया गया, जहां उसी रात फिर उसके साथ मारपीट की गई। उसने बताया कि मंगलवार, दो जून को उसे भूखी-प्यासी हालत में पैदल ही घर से निकाल दिया गया था। आज दोपहर में नौल्था गांव पहुंची तो उसे चक्कर आया और वह सड़क किनारे गिर गई। काफ़ी के बयान पर पुलिस ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा