पानीपत: दहेज के लोभियों से परेशान विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
पानीपत, 10 अप्रैल (हि.स.)।
पानीपत की विकास में एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है। जो विकास नगर स्थित अपने मायके में रह रही थी। मृतका के परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रीति की शादी 30 नवंबर 2025 को सोनीपत निवासी दीपांशु के साथ हुई थी। दीपांशु एक निजी कंपनी में वेल्डर का काम करता है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दीपांशु और उसके परिवार ने प्रीति को दहेज के लिए तंग करना शुरू कर दिया था।
मृतका के परिजनों ने बताया कि दीपांशु अक्सर प्रीति से कार की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर वह प्रीति के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। दीपांशु के जुल्मों से प्रीति मानसिक रूप से तनाव में रहने लगी थी। घटनाक्रम के अनुसार, आठ अप्रैल को आरोपी दीपांशु ने प्रीति के साथ फिर से मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। बदहवास प्रीति ने अपनी मां को फोन कर आपबीती सुनाई, जिसके बाद मां उसे लेने ससुराल पहुंची और वापस पानीपत ले आई।
मायके आने के बाद से ही प्रीति गहरे सदम में थी । इसी के चलते गुरुवार की रात को उसने घर के अंदर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सेक्टर 29 थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी पति समेत ससुरालियों पर दहेज व हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतका का पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा