यमुनानगर : विशेष बच्चों के सम्मान में जागरूकता कार्यक्रम, समाज की भागीदारी पर जोर

 


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के अवसर पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आरोहण वेल्फेयर सोसाइटी द्वारा किया गया, जिसमें उपायुक्त प्रीति ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान संस्था की ओर से मुख्य अतिथि का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विशेष बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कविता पाठ और नृत्य ने उपस्थित जनों को भावुक कर दिया। अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों के विकास में सामाजिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। संस्था की समन्वयक रेखा ने बताया कि वर्ष 2013 में स्थापित यह संगठन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्यरत है। संस्था द्वारा थेरेपी, परामर्श और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाता है। साथ ही, बच्चों द्वारा तैयार उत्पादों को विभिन्न आयोजनों में प्रदर्शित कर उन्हें प्रोत्साहन दिया जाता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त प्रीति ने कहा कि विशेष बच्चों में अपार संभावनाएं होती हैं और उन्हें सही दिशा एवं अवसर मिलने पर वे समाज में सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे बच्चों में अपनत्व और संवेदनशीलता की अद्भुत क्षमता होती है। उन्होंने समाज और अभिभावकों से अपील की कि वे इन बच्चों को आगे बढ़ने के लिए सहयोग और प्रोत्साहन दें। प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया गया, ताकि विशेष बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार