चाचा व दोस्त की हत्या कर शवों को नहर में फैंक कर भाग रहा युवक सोनीपत में गिरफ्तार
-भिगान टोल पर नाकाबंदी कर पुलिस
ने पकड़ा आरोपी
-दो लोगों की हत्या कर शव फेंकने
के बाद फरार हो रहा था आरोपी
सोनीपत, 18 जून (हि.स.)। हरियाणा
पुलिस की सतर्कता और सोनीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोहरे हत्याकांड के आरोपी
को वारदात के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हत्या की घटनाओं को अंजाम
देने के बाद दिल्ली की ओर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा
पर नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया।
पुलिस
के अनुसार 17 जून को पानीपत के मॉडल टाउन निवासी साहिल मलिक ने पंजाब के डेराबस्सी
क्षेत्र में अपने चाचा राहुल मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव
को कार में रखकर वहां से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त ममता सिंह
ने सभी संबंधित इकाइयों को सतर्क करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देश
मिलते ही सीआईए और थाना मुरथल पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। तकनीकी और मानवीय
सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। आरोपी के संभावित मार्ग
का पता लगाकर भिगान टोल प्लाजा पर विशेष नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी
के वाहन को रोककर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चाचा की हत्या के बाद वह पानीपत पहुंचा, जहां उसने
अपने मित्र अंकुश को सेक्टर 13-17 चौक से कार में बैठाया। इसके बाद उसने पानीपत सब्जी
मंडी क्षेत्र के पास चलते वाहन में अंकुश को भी गोली मार दी। आरोपी ने दोनों शवों को
पानीपत के सिवाह नहर क्षेत्र के निकट फेंक दिया और दिल्ली की ओर निकल गया।
पुलिस
ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों शवों की बरामदगी तथा अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया
शुरू कर दी है। आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए सीआईए-1, पानीपत के हवाले किया
गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना