जींद :लू का प्रकोप शुरू, 16 किलोमीटर प्रति घंटा से चली गर्म हवाएं

 


जींद, 19 मई (हि.स.)। पिछले तीन दिन से सूर्य देवता आग उगल रहे हैं। दिन के समय 16 किलोमीटर की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 13 प्रतिशत व हवा की गति 16 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। दिनभर चली गरम हवाओं ने आमजन को बेहाल करके रख दिया। वहीं चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में घर से बाहर न निकलें और ज्यादा से ज्यादा स्वच्छ पेय पदार्थो का प्रयोग करें। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि आगामी तीन दिन दिन तक हीट वेव रहने के आसार हैं।

मंगलवार को दिन निकलने के साथ ही सूर्य देवता ने आग उगलनी शुरु कर दी थी। सुबह नौ बजे ही तापमान 32 डिग्री पर जा पहुंचा था। दोपहर 12 बजे तापमान 40 डिग्री पर पहुंच गया था। हवा की गति सुबह के समय दस किलोमीटर प्रति घंटा तो दोपहर को 16 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा पहुंची। दोपहर बाद अढाई बजे तापमान 44 डिग्री पार भी पहुंच गया। हवा का मिजाज भी काफी गर्म हो गया, जिसके चलते सड़कें व बाजार सुनसान दिखाई दिए और दिनचर्या भी प्रभावित हुई।

नागरिक अस्पताल की सीएमओ डा. सुमन कोहली ने बताया कि तापमान 44 डिग्री के आसपास रह रहा है। लोगों को चाहिए कि वे धूप में बाहर निकलने से बचें, विशेषकर बच्चे व बुजुर्ग। ज्यादा से ज्यादा स्वच्छ पेय पदार्थो का प्रयोग करें। सूर्य की सीधी किरणों से बचें, जरूरी होने पर बाहर निकलते समय अपने शरीर को कपडे या छाता लेकर निकलें। गर्मी के मौसम में जंक फूड का सेवन न करें। ताजे फल, सलाद तथा घर में बना खाना खाएं।

गर्मी व लू से बचाव को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

गर्मी व लू से बचाव को लेकर प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर दी है। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि गर्मी के मौसम में हवा के गर्म थपेड़ों और बढ़े हुए तापमान से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। खासकर धूप में घूमने वालों, खिलाडिय़ों, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को लू लगने का डर ज्यादा रहता है। लू लगने पर उसके इलाज से बेहतर है हम लू से बचे रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा