सोनीपत: प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने जीते चार पदक
सोनीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। देहरादून
में 13 से 30 जुलाई तक आयोजित प्री-नेशनल शूटिंग प्रतियोगिता में गांव बली कुतुबपुर
की दिव्यांशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए। दिव्यांशी ने सब-यूथ
वर्ग में रजत पदक, यूथ वर्ग में रजत पदक, जूनियर वर्ग में रजत पदक तथा सीनियर वर्ग
में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
दिव्यांशी,
संदीप की पुत्री हैं और वह ओलंपिक इंटरनेशनल शूटिंग अकादमी में कोच प्रदीप कुमार के
मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से गांव और क्षेत्र
में खुशी का माहौल है। दिव्यांशी बीआर ग्लोबल स्कूल की छात्रा हैं। उनकी सफलता पर स्कूल
प्रबंधन, अकादमी के प्रशिक्षकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य
की कामना की। कोच प्रदीप कुमार ने कहा कि दिव्यांशी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर
यह उपलब्धि हासिल की है और आने वाले समय में वह राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम
रोशन करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना