जींद : सेवा, सुशासन और जनभागीदारी से विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में जुटी सरकार: कृष्ण कुमार बेदी

 


जींद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना नही बल्कि सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोडऩा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और इस संकल्प को जनभागीदारी से ही मजबूत आधार मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी बुधवार को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत 2047 के संकल्प को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को अर्जुन स्टेडियम में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डा. कृष्ण मिड्ढा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक तथा वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचेए इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका : डा. मिड्ढा

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के सर्वांगीण विकास तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर प्रदान करना और विकास के लाभ को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नही बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प भी है।

अर्जुन स्टेडियम में प्रज्वलित हुई सेवा ज्योति

अर्जुन स्टेडियम में प्रज्वलित मुख्य सेवा ज्योति को सेवा यात्रा के माध्यम से रानी तालाब स्थित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समीप ले जाकर स्थापित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा, समानता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही जिले के विभिन्न उपमंडलों उचाना, नरवाना, सफीदों और जुलाना सहित उझाना एवं पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के लिए भी सेवा ज्योतियां प्रज्वलित की गईं। संबंधित क्षेत्रों के प्रतिनिधियों द्वारा इन सेवा ज्योतियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ले जाकर निर्धारित स्थानों पर स्थापित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा