पुराने डीजल व पेट्रोल वाहनों को तुरंत करवाएं स्क्रैप
नियम न मानने पर होगी सख्त कार्रवाई
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने एनसीआर क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए दस वर्ष पुराने डीजल वाहनों और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को तुरंत स्क्रैप कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकार ने गुरुवार को जारी एक जानकारी में वाहन मालिकों से अपील की है कि वे स्वच्छ एनसीआर और हरित भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देते हुए अपने 10 साल पुराने डीजल तथा 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नजदीकी पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों (आरवीएसएफ) पर ले जाकर स्क्रैप करवाएं और नए स्वच्छ वाहनों को अपनाएं।
आरवीएसएफ केंद्रों पर सुरक्षित स्क्रैपिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे कम प्रदूषण के साथ-साथ सडक़ दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वाहनों की उपयोगी सामग्री का रिसाइक्लिंग संभव हो सकेगा।
प्रवक्ता ने बताया कि यदि लोग अपने इन पुराने वाहनों को जल्द से जल्द आरवीएसएफ केंद्रों पर ले जाकर स्क्रैप नहीं कराते हैं, तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। स्वच्छ एनसीआर और हरे-भरे कल के सपने को साकार करने के लिए सरकार ने नागरिकों से अपने पुराने वाहनों को जिम्मेदारी से स्क्रैप कराने और इस मुहीम में सहयोग देने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा