सोनीपत में बाइक और स्कूटी की टक्कर में मजदूर की मौत
सोनीपत, 20 जून (हि.स.)। सोनीपत
में सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। शुक्रवार की देर रात हुई इस दुर्घटना
में बाइक और मोपेड स्कूटी की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि स्कूटी
सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दुर्घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस
ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी
के अनुसार गांव उदेशीपुर निवासी वजीर (42) मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता
था। शुक्रवार को वह काम समाप्त करने के बाद अपनी मोपेड स्कूटी से घर लौट रहा था। जब
वह गांव चटिया के पास स्थित बिजली पावर हाउस के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक
से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के कारण वजीर के सिर में गंभीर चोट लगी।
स्थानीय लोगों
के अनुसार गंभीर चोट के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बाइक सवार
वहां से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण
किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया।
वजीर
परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह मेहनत-मजदूरी कर पत्नी और चार बच्चों का
पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटों की पढ़ाई जारी है,
जबकि बेटियां अभी छोटी हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस
का कहना है कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। परिजनों
की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्र से
सुराग जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना