सोनीपत: ढाबा संचालक की हत्या,परिजनों ने कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर लगाया जाम
सोनीपत, 24 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में रविवार देर रात तेज रफ्तार स्कूटी चलाने से रोकने पर हुए विवाद में ढाबा संचालक
नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने नरेंद्र के सीने में गोली मारी।
गंभीर हालत में उन्हें नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित
कर दिया।
सोमवार सुबह परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुंडली-सिंघु
बॉर्डर के पास जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर करीब
आधे घंटे बाद जाम खोल दिया गया। एसीपी
ऋषिकांत जीटी रोड पर मृतक नरेंद्र के परिवार वालो से बात की कार्रवाई का आश्वासन दिए
जाने पर परिवार के सदस्यों ने जाम खेल दिया। पुलिस के अनुसार, नरेंद्र खत्री (33) कुंडली
के रहने वाले थे और पिछले करीब दस साल से प्याऊ मनिहारी में मित्रां दा ढाबा चला रहे
थे। करीब छह साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं, जिनकी
उम्र करीब दो और चार साल है। नरेंद्र अपने भाई के साथ ढाबा चलाते थे।
परिजनों
के मुताबिक, रविवार रात उमाशंकर कॉलोनी स्थित पानी के प्लांट के पास करीब 20-22 युवक
बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां
पहुंचा। प्लांट की देखरेख करने वाले निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने को कहा। इसी बात
पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों ने गाली-गलौज
शुरू कर दी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद
की सूचना मिलने पर नरेंद्र मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने लगे। परिजनों
का आरोप है कि अमन ने नरेंद्र से भी गाली-गलौज की और विवाद बढ़ने पर पिस्तौल निकालकर
उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद नरेंद्र जमीन पर गिर गए।
वारदात के बाद
आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस
ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। एसीपी ऋषिकांत ने मौके पर पहुंचकर परिजनों
को समझाया, जिसके बाद जाम खोला गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है
और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जाम
के दौरान प्रदर्शन कर रहे युवकों की भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज से भी कहासुनी
हो गई। इसका वीडियो सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली। परिजनों
ने आरोपी पर पहले भी गोली चलाने और कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया
है। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसकी संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की मांग
की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना