जींद : हफ्ता वसूली और ढाबे में लाखों रुपये की तोड़ फोड़ करने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 17 जून (हि.स.)। एवीटी स्टाफ ने सफीदों में ढाबा संचालक से हफ्ता वसूलने व हफ्ता राशि न देने पर तोडफ़ोड़ करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपितों से उनके सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
एवीटी स्टाफ जींद के इंचार्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि रेहडा मोहल्ला सफीदों निवासी शुभम सैनी ने एक पखवाड़ा पहले पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका पानीपत-सफीदों रोड पर सैनी ढाबा है। ढाबे पर काले की बिना नंबर की गाड़ी आई और इसमें उतरे एक युवक ने अपना नाम तपन बताते हुए स्वयं को सफीदों मंडी का व्यापारी बताते हुए ढाबा संचालक से प्रति सप्ताह 10 हजार रुपये हफ्ता देने की मांग की। जब शिकायतकर्ता ने हफ्ता देने से मना किया तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ समय बाद आरोपित अपने छह-सात अन्य साथियों के साथ आया और ढाबे पर तोडफ़ोड़ की।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शहर सफीदों में विभिन्न धाराओं के तहत मुकद्मा दर्ज कर आगामी जांच एवीटी स्टाफ जींद को सौंपी गई। एवीटी स्टाफ एवं थाना शहर सफीदों की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित तपन तथा गांव ऐंचना खुर्द निवासी गोवर्धन को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस संगठित अपराध, रंगदारी, हफ्ता वसूली तथा आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा