सिरसा: चौ. देवीलाल युगपुरुष थे: अजय चौटाला
सिरसा, 25 सितंबर (हि.स.)। देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौ. देवीलाल जयंती पर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी)के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला ने शुक्रवार को जिले के गांव शक्करमंदोरी में चौ. देवीलाल की प्रतिमा का अनावरण किया। अजय चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल महज जननायक ही नहीं बल्कि युगपुरुष थे जिनकी सोच की वजह से वे एक आम परिवार में पैदा होकर देश के उपप्रधानमंत्री पद तक पहुंचे और जनहित कि नीतियां न केवल बनाई बल्कि उन्हें लागू भी किया जिससे समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ।
चौधरी देवीलाल ने अपनी कही हुई बात को कानून बनाकर लागू किया। उन्होंने ही काम के बदले अनाज की योजना बनाई जिसे बाद की सरकारों ने नाम बदल कर लागू किया। चौधरी देवीलाल के समय में ही रेडियो, साइकिल और ट्रैक्टरों पर टैक्स खत्म किया गया। गांव गांव में हरिजन चौपाल बनवाने और बुजुर्गों की पेंशन सहित अनेक महत्वपूर्ण किस्से सुनाए।
जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने चौधरी देवीलाल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे महज चौदह साल की उम्र में देश की आजादी की लड़ाई में शामिल हुए। देश आजाद होने के बाद भी उन्होंने जनहित की आवाज उठाई। मुजाहरों के हित में भूदान आंदोलन चलाकर वे देश में चर्चित हुए। उन्होंने कहा कि वो हमेशा जनता की भलाई का सोचते थे और पहली बार बनी सरकार में बुजुर्गों की पेंशन की शुरुआत की। महिलाओं के लिए जच्चा बच्चा योजना का शुरुआत की।
सीडीएलयू में चौ. देवीलाल जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि चौधरी देवीलाल का जीवन किसानों, श्रमिकों तथा समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। जेसीडी विद्यापीठ सिरसा में पूर्व उपप्रधानमंत्री जननायक चौधरी देवीलाल की रक्तदान शिविर व पौधारोपण का आयोजन किया गया। विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अजय सिंह ने कहा कि चौ. देवीलाल का जीवन शिक्षा, सामाजिक न्याय, समानता और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उनका सादा जीवन, संघर्षशील व्यक्तित्व, त्याग और समाजसेवा की भावना आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma