सोनीपत: शाहपुर तगा में 71 लाख रुपये से ज्यादा के विकास कार्य शुरू
सोनीपत, 01 अगस्त (हि.स.)। गन्नौर
के गांव शाहपुर तगा में ग्रामीण सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में 71 लाख 50 हजार
रुपये की लागत से छह विकास कार्यों की शनिवार से शुरुआत की गई। बाबा मोहनदास गौशाला परिसर में
आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान ने शनिवार को विभिन्न परियोजनाओं का
उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
सबसे
बड़ी परियोजना 21 लाख रुपये की लागत से गौशाला तक जाने वाली सड़क का निर्माण है। इसके
पूरा होने से ग्रामीणों तथा गौशाला आने-जाने वाले लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा
मिलेगी। इसके अलावा 10 लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट में बनाए गए शेड और बरामदे
का उद्घाटन किया गया। वहीं आठ लाख रुपये की लागत से तैयार कब्रिस्तान की चारदीवारी
भी लोगों को समर्पित की गई। गांव में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पांच
लाख 50 हजार रुपये की लागत से ठोस कचरा प्रबंधन शेड का भी उद्घाटन किया गया। साथ ही
बाबा मोहनदास स्थान से तारा के घर तक 10 लाख रुपये तथा सरकारी स्कूल से बाबा मोहनदास
स्थान तक सात लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो गलियों का शिलान्यास किया गया।
विधायक
देवेंद्र कादियान ने कहा कि गांवों का वास्तविक विकास धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों
से होता है। सड़क, गलियां, श्मशान घाट, कब्रिस्तान और स्वच्छता से जुड़े ये कार्य ग्रामीणों
की लंबे समय से चली आ रही जरूरतों को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं
से लोगों का जीवन स्तर सुधरता है और सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गन्नौर विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में आवश्यकता
के अनुसार विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना